बांसी में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार डकैत गिरोह के सदस्यों को रिमांड पर लेने के लिए कई जिलों की पुलिस ने कोशिश तेज कर दी है। उन्हें पूछताछ में अपने क्षेत्र की कई अन्य घटनाओं के सुराग लगने की उम्मीद है।
सोमवार को एसटीएफ गोरखपुर समेत अन्य जिलों की पुलिस ने डेरा डाल दिया। एसटीएफ की टीम ने मुठभेड़ स्थल को भी खंगाला।
जेल में जाकर भी पूछताछ की। लखनऊ पुलिस के अधिकारी भी पूछताछ व शिनाख्त कराने के लिए ट्रांजिट रिमांड पर अपराधियों को लेने की कोशिश में हैं।
फिलहाल अपराधियों को 14 दिनों की न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है।मध्य व पूर्वी उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए सिरदर्द बने इस गिरोह से पूछताछ करने में कई जिलों की फोर्स लगी हुई हैं।
यह टीमें रविवार को ही जिले में पहुंची थी, मगर कचहरी में छुट्टी होने के कारण बाहरी फोर्स दिनभर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करने व अन्य जानकारियां बटोरते रहे।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक लखनऊ से 2 सीओ के नेतृत्व में 5 थानों की पुलिस आई हुई है। फैजाबाद जिले के एक सीओ व दरोगाओं की टीम भी शनिवार से जिले में मौजूद है। गोरखपुर जिले की 2 टीमें आई हुई है।
सोमवार को जेल में जाकर उन्होंने गिरोह के सदस्यों से पूछताछ की। लखनऊ एसटीएफ टीम के भी आने की सुगबुगाहट है। एएसपी मंशाराम गौतम ने बताया कि पकड़े गए गिरोह ने जिन जिलों में अपराध किए हैं, उनको सूचना दी जा चुकी है।
कई अन्य मामलों में इनकी संलिप्तता सामने आने की उम्मीद है। फरार अपराधियों पर भी पुलिस की नजर है। जल्द ही बड़ी सफलता मिलेगी।