इटवा में खिड़की का शीशा तोड़कर हुई चोरी।
- फोटो : अमर उजाला
इटवा। कस्बे के बढ़नी रोड स्थित एक निजी क्लीनिक में मंगलवार की रात खिड़की के रास्ते घुसे चोरों ने 75 हजार नकदी सहित हजारों का माल गायब कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची इटवा पुलिस ने छानबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
बढ़नी रोड से तहसील को जाने वाले मार्ग पर डॉ. शबनम यहिया का हेल्थ केयर सेंटर संचालित है। रोजाना की तरह देर शाम वह सेंटर को दाई व चौकीदार के हवाले कर कस्बे में स्थित अपने आवास पर चले गए। बताते हैं कि रात में चोर खिड़की का कांच तोड़कर अंदर घुस गए। वहां आलमारी में रखा करीब 75 हजार रुपये नकदी, दो मोबाइल सेट सहित अन्य सामान समेट चंपत हो गए। खट-पट की आवाज सुन बगल के कमरे में सो रही दाई की नींद खुली, उसने अपने कमरे का दरवाजा खोलना चाहा तो वह बाहर से लॉक था।
खिड़की के रास्ते वह कमरे से निकली और बरामदे में सो रहे चौकीदार को जगाया। दोनों ने शोरगुल किया। मगर तब तक चोर फरार हो गए थे। सुबह डॉ. शबनम की सूचना पर पहुंची इटवा पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयदीप दुबे ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।