बांसी में रोडवेज के बाहर राज्य परिवहन निगम की बसों के अलावा अवैध रूप से संचालित प्राइवेट बसों व टैक्सियों के कारण विवाद आम होता जा रहा है। शुक्रवार को सवारी भरने के विवाद में प्राइवेट वाहन के कर्मचारियों ने रोडवेज बस के चालक को पीट दिया। इससे बस चालक ने आड़े-तिरछे वाहन खड़ी कर जाम लगा दिया। हालांकि लोगों व पुलिस की सक्रियता से मामला कुछ ही देर में रफा-दफा हो गया।
शुक्रवार की सुबह बांसी-गोरखपुर मार्ग पर चलने वाली प्राइवेट बस रोडवेज स्टैंड के दक्षिणी गेट पर खड़ी कर सवारी भर रहा था। तभी रोडवेज गोरखपुर डिपो की अनुबंधित बस वहां पहुंची। बस के चालक-परिचालक ने प्राइवेट बस कर्मियों से आगे जाकर सवारी भरने की बात कही तो प्राइवेट बस के कर्मियों ने रोडवेज बस के चालक की पिटाई कर दी। इससे क्षुब्ध चालक ने बस मुख्य मार्ग पर तिरछा खड़ा कर जाम लगा दिया।
कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। एसआई जुबेर अली, रवीन्द्र यादव ने कार्रवाई का आश्वासन देकर रोडवेज बस को बीच सड़क से हटवाया। घटना की क्षेत्र में चर्चा जोरों पर है। रोडवेज बसों पर मनमाने ढंग से चल रहे प्राइवेट बस भारी पड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस प्रक्रिया पर शीघ्र अंकुश नहीं लगा तो कभी भी बड़ा विवाद हो सकता है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिली है लेकिन अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी। वैसे प्राइवेट वाहनों के लिए स्टैंड बनाने का मामला तहसील प्रशासन व नगरपालिका के अधिकार क्षेत्र में है।-