इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
इटवा। सड़कों पर कोहरे का कहर शुरू हो गया है। थाना क्षेत्र के नवेलवा गांव के पास इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर खाद लेकर आ रहा मिनी ट्रक पेड़ से टकरा गया। हादसे में चालक की मौत हो गई। ट्रक चालक गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र का है। घटना गुरुवार रात 10 बजे की बताई जा रही है।
गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के तिरछाही गांव निवासी हरिपाल (35) पुत्र माता प्रसाद मिनी ट्रक चलाता है। गुरुवार रात हरिपाल जैविक खाद लेकर इटवा में सप्लाई करने आ रहा था। इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर स्थित नवेलवा गांव के पास कोहरे के चलते ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक ट्रक के केबिन व पेड़ के बीच फंस गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने जेसीबी से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंची इटवा पुलिस उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गई, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बस्ती ले जाते समय मनौरी चौराहे के पास हरिपाल की मौत हो गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष जयदीप दुबे का कहना है कि युवक की मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।