भनवापुर। त्रिलोकपुर क्षेत्र के चिताही गांव में शुक्रवार रात छत की ढ़लाई करते समय मशीन के नीचे दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मजदूर गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर उर्फ जंगल बब्बन गांव का निवासी बताया जा रहा है।
गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के रामनगर केवटलिया गांव निवासी बैजनाथ गुप्ता छत लगाने वाली मशीन चलवाता है। लोगों के मुताबिक काफी दिनों से वह डुमरियागंज में रहकर यह काम करता है। उसके साथ 12 मजदूर नियमित काम करते हैं। वहीं, बगल के ही मोहम्मदपुर उर्फ जंगल बब्बन गांव निवासीम राजू निषाद (32) पुत्र मुन्नर भी काम करता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात मशीन त्रिलोकपुर क्षेत्र के चिताही गांव में छत की ढलाई करने के लिए गई थी। इसी दौरान राजू गिरकर मशीन के पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई है। सूचना पर एसओ त्रिलोकपुर पहुंचकर मृतक राजू की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में एसओ त्रिलोकपुर हरिनारायण दीक्षित से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि गुप्ता बिल्डर के संचालक बैजनाथ ने तहरीर दी। जांचकर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।