पटहेरवा (कुशीनगर)। नेपाल के ठूूठीबारी से लौटकर आई बारात में शामिल लोग बगहीं गांव में आपस में ही मारपीट कर बैठे। इसमें छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है। बगहीं गांव से कन्हैया गुप्ता के लड़के की बारात नेपाल के गड़ाणा ठूठीबारी गई थी। बताया जा रहा है कि बारात में शामिल कुछ युवकों ने वधू पक्ष के दरवाजे पर पहुंचने से पहले ही शराब पी ली। वधू पक्ष के दरवाजे पर पहुंचते ही उन्हें उल्टी होने लगी। इससे वहां स्थिति असहज हो गई, कुछ बारातियों ने स्थिति को संभालते हुए किसी तरह शादी की रस्म पूरी कराई। रात में ही कुछ बाराती वापस आ गए, जबकि अन्य लोग शनिवार को सुबह पहुंचे। बारात के आते ही उनमें आपस में मारपीट शुरू हो गई। कहा जा रहा है कि वर के घरवाले बारात में माहौल खराब करने का आरोप लगा रहे थे। इस मार पीट में संजय गुप्ता, चंदन गुप्ता, इसरावती देवी तथा दूसरे पक्ष के संदीप गुप्ता, सुजीत सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने संजय, चंदन व संदीप को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में पटहेरवा थाने के एसओ कमलेश सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है।