इटवा के बिस्कोहर में पक्के मकान का गिरा छत
- फोटो : अमर उजाला
इटवा। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत विस्कोहर में रविवार देर शाम एक रिहायशी मकान का छत अचानक भरभरा कर गिर गया। हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ।
कस्बा निवासी मंगरे पुत्र बृजलाल मजदूरी करता है। परिवार में उसकी पत्नी रामरती के अलावा पांच बच्चे सुजीत, दीपू, अजय, जया व दीपांशी हैं। घटना के दिन मंगरे दिहाड़ी करने घर से बाहर गया था। घर में बिजली का कनेक्शन न होने के नाते शाम के समय अन्य सभी सदस्य घर के बाहर बैठे थे।
इसी बीच अचानक पूरा मकान भरभरा कर गिर गया। इस वजह से बारिश के समय पीड़ितों को बिना छत के रहना पड़ रहा है। मंगरे ने बताया कि उसने मेहनत मजदूरी करके छह साल पहले किसी तरह से दो कमरों का पक्का मकान बनवाया था।
मकान गिरने से एक बार फिर उनका परिवार बेघर हो गया है। उन्होंने इसकी सूचना हल्का लेखपाल को देकर मदद की गुहार लगाई है। एसडीएम इटवा जुबेर बेग ने इस संबंध में बताया कि घर गिरने की सूचना मिलने पर उन्होंने लेखपाल से मौके पर जाकर रिपोर्ट देने को कहा है। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।