इटवा/भनवापुर। दवा लेकर घर लौट रहे व्यक्ति की सोमवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना इटवा थाना क्षेत्र के संग्रामपुर चौराहे की है। एक अन्य हादसे में त्रिलोकपुर क्षेत्र के ग्राम हथपरा में बदलिया-सोहना मार्ग पर बेकाबू पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक जख्मी हो गया। उसे भनवापुर पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
सेमरादुल गांव निवासी कमरुज्जमा (50) सोमवार की सुबह घर से दवा लेने इटवा आया हुआ था। दोपहर बाद वापस लौटते समय संग्रामपुर चौराहे के पास बढ़नी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में एसओ जयदीप दुबे ने बताया कि किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। छानबीन की जा रही है। वहीं दूसरी घटना में ग्राम गड़ावर निवासी गुड्डू किसी कार्य से सोमवार की सुबह भनवापुर गया था। वापस लौटते समय हथपरा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गुड्डू (34) को गंभीर चोट आई। ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस बुलाकर घायल को अस्पताल भेजवाया। भनवापुर पीएचसी के अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने बताया कि उपचार के बाद युवक की हालत खतरे से बाहर है। एसओ त्रिलोकपुर अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है।