बांसी (ब्यूरो)। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के जिगिनिहवा चौराहे पर सोमवार की देर रात गल्ला लादने गए ट्रक ड्राइवर से कुछ लोगों का विवाद हो गया। इस दौरान ट्रक ड्राइवर व गल्ला व्यवसायी सहित पांच लोगों को मारपीटकर जख्मी कर दिया गया। मारपीट की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है।
बांसी कोतवाली क्षेत्र के गुजरौलिया गांव निवासी रामनयन ट्रक ड्राइवर है। वह सोमवार को जिगिनिहवा चौराहा निवासी गल्ला व्यवसायी रामचंद्र गुप्ता का अनाज लादने के लिए आया हुआ था। आरोप है उसी के गांव के बगल के दो युवक पुरानी रंजिश को लेकर गाली देने लगे और विरोध पर मारने लगे। शोर सुनकर बचाने के लिए आए रामचंद्र गुप्ता, श्यामलाल, महातम बचाने पहुंचे।
इसी बीच युवकों की शोर पर गांव के अन्य लोग मौके पर धमक पड़े और चारों की धुनाई कर दी। इस घटना में रामचंद्र व ड्राइवर रामनयन को गंभीर चोटें आई हैं। जबकि तीन अन्य लोगों को भी चोटें लगी हैं। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
इस संबंध में एसएचओ गोल्हौरा सुमन त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है, घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।