सिद्धार्थनगर। सरकार के महिला सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने के निर्देश के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। आनन-फानन बुधवार को एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन कर नगर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नवयुवक बाइक चालकों को रोकवाकर उनसे पूछताछ भी गई, मगर कोई भी संदिग्ध पुलिस के हाथ नहीं लगा।
सीओ सदर मो. अकमल खां के नेतृत्व में सदर थाने की पुलिस ने नगर के सिद्धार्थ तिराहा, बांसी, तिराहा, बैंक रोड आदि स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बाइकसवार नवयुवकों से पूछताछ की और तीन सवारी चलने पर कड़ी हिदायत भी दी। सीओ सदर मो. अकमल खां ने कहा कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क है। स्कूल, कॉलेज व अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस टीम निगरानी करेगी। अगर कोई भी महिलाओं व स्कूल से निकलने वाली छात्राओं पर टिप्पणी करेगा या किसी भी प्रकार की हरकत करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने ऐसी स्थिति में महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और 100 डॉयल करने के प्रयोग का आह्वान किया। इसके अलावा वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा करने के लिए यातायात नियमों के पालन करने की भी जानकारी दी। इस दौरान एसओ सदर शादाब खान, एसआई अभिमन्यु सिंह, विनोद सिंह, संजय कुमार दुबे आदि पुलिस कर्मी मौजूद रहे।