इटवा क्षेत्र में चोरों ने घर में रखी अलमारी तोड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
इटवा। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम चौखड़ा में शनिवार रात चोरों ने चार घरों पर धावा बोला। पांच लाख से ज्यादा की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने उन घरों को निशाना बनाया, जिनके घरवाले मौजूद नहीं थे। घटना की जानकारी लोगों को सुबह जागने के बाद हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की, मगर कोई सुराग नहीं मिल सका। ग्राम चौखड़ा निवासी वलीउल्लाह व पहलू धोबी के घरवाले किसी कार्य वश अन्यत्र गए थे। घर में कोई नहीं था। मौके का लाभ पाकर चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे। करीब दो हजार रूपये का सामान उठा ले गए। उसके बाद इसी गांव के संवारे पुत्र धनपत के यहां चोरों धावा बोला और 2500 रुपये नकदी समेत सोने-चांदी के आभूषण गायब कर दिए। घटना के समय घरवाले मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे।
गांव निवासी मनोज सिंह के घर से भी करीब पांच लाख रुपये के सामान उड़ाए। इसमे चांदी व सोने के जेवर शामिल हैं। बताते हैं कि मनोज सिंह किसी काम से लखनऊ गए थे। उनका कमरा बंद था। बगल के हिस्से में उनके भाई का परिवार सोया हुआ था। घर में घुसे चोरों ने पहले मनोज सिंह के भाई के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। फिर बड़ी ही सावधानी से मनोज सिंह के कमरे का ताला तोड़ा। कमरे में रखी आलमारी खोला और सारा माल समेट कर चंपत हो गए। एक ही गांव में चार घटनाओं से ग्रामीण दहशत में हैं। घटना की जानकारी सभी को सुबह होने के बाद ही पता चली। पीड़ित परिवारों ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष परमेश्वर यादव का कहना था कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है।