सदर थाने के गोबरहवा में चोरी कर जलाया गया सामान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के गोबरहवा बाजार में चोरों ने सोमवार की देर रात ताला तोड़ कर सरकारी डाटा से भरे लैपटाप समेत डिजिटल कैमरा, कपड़ों को चोरी कर लिया। चोरों ने जाते समय कमरे में रखे बिस्तर में आग लगा दिया, जिसमें आधार कार्ड बनाने के लिए आए करीब 750 फार्म जल गए।
लखनऊ की कार्बी डाटा मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारी थाना खेसरहा के ग्राम बेलवा लगुनही निवासी शुभम मिश्रा ने बताया कि डॉ. जावेद कमाल के मकान में किराए के एक कमरे को आफिस बनाया गया है। कंपनी सरकारी डेटा को अपलोड करने का काम करती है।
कर्मचारी ने बताया कि वह गांधी जयंती के दिन छूट्टी पर घर गया था। मंगलवार को जब वह वापस लौट रहा था कि मकान मालिक का फोन आया कि कमरे का ताला टूटा हुआ है व आग लगी है। 11 बजे के करीब पहुंच तो कमरे की आग को बुझा दिया गया था। छानबीन किया तो सरकारी डेटा से भरे एक लैपटॉप, एक डिजिटल कैमरा, म्यूजिक सिस्टम व कपड़े गायब मिले। खराब व बनाने के लिए खुले लैपटाप को चोरों ने नहीं छुआ। इस संबंध में एसओ सदर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि चोरी की नहीं, लेकिन कमरे में आग लगने की सूचना है। जांच की जा रही है।