सिद्धार्थनगर।
सत्ता की हनक में क्या कुछ हो सकता है इसकी बानगी मोहाना थाने के हरदासपुर में दिखी। वर्ष 2016 के मई महीने में हरदासपुर टोला दयानगर की निवासिनी ज्ञानमती देवी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया था कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उससे दो लाख रुपये झांसा देकर प्राप्त कर लिया यह पैसा उसे सरकार पति की मौत के बाद किसान दुर्घटना बीमा के रूप में मिला था। स्थानीय थाने से लेकर मुख्यमंत्री दरबार तक फरियाद लगा चुकी ज्ञानमती ने सरकार बदलने के बाद एक बार फिर पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
हरदासपुर के रमेश यादव की मौत मोटर दुर्घटना मुंबई में वर्ष 2016 में हुई थी। कृषक बीमा योजना के तहत उसे मई के महीने में पांच लाख का सरकारी अनुदान प्राप्त हुआ। खाते में पैसा आने के दूसरे दिन ही गांव के वसीम अहमद और प्रकाश ने दो लाख की रकम झांसा देकर खाते से निकलवा लिया। मामले की शिकायत ज्ञानमती ने पुलिस अधीक्षक से लेकर मुख्यमंत्री के जनता दरबार में भी की पर आरोपी की राजनैतिक पकड़ होने के वजह से मुकदमा तक नहीं दर्ज हुआ। आरोपी पीड़िता और उसके बच्चे को लगातार जान से मारने की धमकी देते हुए और रुपये मांग रहे हैं। मामले में ज्ञानमति से सोमवार को एक बार फिर पुलिस अधीक्षक को शिकायतीपत्र देते हुए मुकदमा दर्ज करवाने व कार्रवाई के लिए मांग की। इस संबंध में एसपी राकेश शंकर ने बताया कि संबंधित थाने को तत्काल कड़ी कार्रवाई के लिए निर्देशित कर दिया गया है।