बर्डपुर। मोहाना थाना क्षेत्र के खलीलपुर गांव के टोला पड़री में एक युवती की कमरे में छत के कुंडे पर फंदे से लटकती हुई लाश मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है।
क्षेत्र के खलीलपुर गांव के टोला पड़री गांव निवासी शकील अहमद की बेटी शुमबुल (20) शुक्रवार की रात अपनी छोटी बहन फरीदा खातून व भाई कमरे में सो रहे थे। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह कमरे में फंदे से लटकती हुई शुमबुल की लाश मिली। सबसे पहले बहन ने लाश को देखा तो वह घबरा उठी और जोर-जोर से चिल्लाकर रोने लगी। तभी परिजनों ने उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर दरवाजा खोला तो परिवार के अन्य सदस्य यह नजारा देख दंग रह गए। इसकी तत्काल सूचना 100 नंबर पुलिस को दी। मौके पर मोहाना थाना की पुलिस पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की शादी 26 अप्रैल को बर्डपुर के पश्चिम बहादुरपुर में तय हुई थी। लेकिन शादी से पहले ही शुमबुल की फंदे से लटकती लाश मिली। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में एसओ अंजनी कुमार राय ने बताया कि जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।