शोहरतगढ़। नगर पंचायत के सभासद नियाज अहमद को थाने के एक दरोगा ने 14 अप्रैल रविवार की आधी रात को पुलिस फोर्स के साथ घर पहुंचकर फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित सभासद के पिता जामा मस्जिद के सदर अलताफ हुसैन ने इस मामले की शिकायत डीजीपी, डीएम, एसपी व एसओ को रजिस्ट्री डाक से पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
डीजीपी, डीएम व एसपी को भेजे गए रजिस्ट्री डाक पत्र में वार्ड नंबर नौ मोहल्ला नेहरुनगर, कस्बा शोहरतगढ़ के जामा मस्जिद के सदर अलताफ हुसैन ने कहा है कि मेरे घर पर 14 अप्रैल रविवार की रात करीब 12 बजे थाने के एक दरोगा पुलिस फोर्स के साथ मेरे घर पर आए। मुझे बुलाकर पूछने लगे कि तुम्हारा लड़का नियाज अहमद जो सभासद है, कहां है। मैंने कहा कि वह सो रहा है। दरोगा के कहने पर मैं अपने लड़के को बुलवाया। सभासद नियाज अहमद के आते ही दरोगा भद्दी-भद्दी गाली देने लगे और कहा कि तुम लोगों को फर्जी मुकदमें में फसाकर गुंडा एक्ट लगवाकर जिला बदर करवा दूंगा।
पुलिस के उच्चाधिकारियों को भेजे गए पत्र में शिकायतकर्ता ने लिखा है कि घर पर आकर धमकी दे रहे दरोगा नशे की हालत में थे। शोरशराबा सुन मोहल्ले के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान दरोगा जानमाल की धमकी देते हुए मौके से चले गए। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कराते हुए दोषी दरोगा पर कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, दूसरी ओर आरोपी दरोगा ने कहा कि 14 अप्रैल रविवार रात गश्त के दौरान मैं शिकायती पत्र की जांच करने सभासद नियाज अहमद के घर पर गया था। इस संबंध में एसपी डॉ. धर्मबीर ने बताया कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। अगर पीड़ित आता है तो उसके समस्या का समाधान किया जाएगा।