बरखेड़ा (पीलीभीत)। बंदी के दिन रविवार को भी जिले में शराब बेची जाती रही। बरखेड़ा पुलिस ने सूचना पर भैंसहा ग्वालपुर गांव में छापा मारा। इस दौरान देशी शराब की दुकान के सेल्समैन को घर से शराब बेचते पकड़ लिया। आरोपी के पास से 111 पौवे भी बरामद हुए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी का सोमवार को चालान कर दिया है। पुलिस की कार्रवाई से चलते हड़कंप मचा रहा। डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर रविवार को शराब बंदी की गई थी, लेकिन सांठगांठ के चलते हर बार की तरह इस बार भी जगह-जगह शराब ठेकेदारों के कर्मचारी ओवररेट वसूलकर शराब की बिक्री करते रहे। रात करीब आठ बजे बरखेड़ा पुलिस को भैंसहा ग्वालपुर गांव में एक मकान से देशी शराब की बिक्री करने की सूचना मिली। इस पर महिला दरोगा ज्योति रानी ने पुलिस टीम के साथ छापा मारा। इस दौरान गांव की देशी शराब की दुकान का सेल्समैन रूद्रपाल अपने घर से शराब की बिक्री करता पकड़ा गया। उसको पकड़कर पुलिस थाने ले आई और पूछताछ की। इंस्पेक्टर एसके उपाध्याय ने बताया कि आरोपी रुद्रपाल के पास से देशी शराब के 111 पौवे बरामद किए गए हैं। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सोमवार को आरोपी का चालान कर दिया है।