ककरहवा(सिद्धार्थनगर)। रविवार को यज्ञ पूर्णाहुति के बाद यज्ञाचार्य और रासलीला कमेटी से तय हुई राशि यज्ञ करवाने वाले द्वारा न देने का मामला प्रकाश में आया है।
जानकारी के मुताबिक मोहाना थाना क्षेत्र के एक मंदिर के महंत ने 15 फरवरी से 23 फरवरी तक यज्ञ का आयोजन किया था। जिसमें यज्ञाचार्य के रूप में गोपाल दास जी को और रासलीला के लिए राधेश्याम आदर्श रासलीला संस्थान वृंदावन को 51 हजार रुपये में तय किया था। शनिवार को यज्ञ समापन के उपरांत रकम मांगी गई तो यज्ञकर्ता ने रुपये देने से मना कर दिया और मारपीट पर भी उतारू हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 100 ने सभी को ककरहवा चौकी पर ले आई। जहां बार बार समझाने के बाद भी महंत रुपये देने को तैयार नहीं हुए। रासलीला कमेटी के मालिक पुष्पेंद्र दुबे ने बताया कि यज्ञकर्ता ने पूरे नौ दिन तक खाने पीने का भी उचित प्रबंध नहीं किया। गांववालों के मदद से किसी तरह हम लोगों के खाने पीने का व्यवस्था हुआ। अब स्थिति यह है कि हम लोगों के पास घर वापस जाने के लिए किराया तक नहीं हैं। ककरहवा चौकी प्रभारी पप्पू सिंह यादव ने बताया वार्ता कर रुपये दिलवाया जाएगा।