सिद्धार्थनगर। नगर के उसका रोड पर गोबरहवा मुहल्ला के पास मंगलवार शाम तीन बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तीन वर्षीय एक बालक को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नगर के सटे गोबरहवा मोहल्ला निवासी शमीसुल हसन का तीन वर्षीय पुत्र शाकिब उसका मार्ग के पास पटरी पर खड़ा था। इस बीच तेज रफ्तार में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बच्चे को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता ने चालक पर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने से हादसा होने और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष रामकरन आर्य ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर गए थे। शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिली है, केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।