बांसी। डीआईओएस कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक के बैंक खाते से 40 हजार रुपये के गोलमाल का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित कर्मचारी ने एसबीआई के महाप्रबंधक व डीएम को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
बांसी नगर के निवासी डीआईओएस कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक ओंकारनाथ ने एसबीआई के उच्चाधिकारियों व डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में एसबीआई की मुख्य शाखा के कर्मचारी पर उनके बैंक खाते से अवैध तरीके से 40 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनका नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा में बचत खाता है। खाते से उनका पुत्र शिवम एटीएम कार्ड से 27 अगस्त को 40 हजार भुगतान के लिए पहुंचा और उसने स्वैप मशीन से स्वैप किया, लेकिन पर्ची फंसने के कारण रुपये नहीं निकला। इसकी शिकायत संबंधित काउंटर पर करने के बाद वापस घर आ गया। अब बैंक से इस बात की शिकायत है कि जब पहले दिन पैसा निकला ही नहीं तो दो बार 40-40 हजार निकासी क्यों दिखाया जा रहा है। उन्होंने दोषी कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने और धन वापसी की मांग की है।