युवक की मौत के बाद विलाप करते लोग
- फोटो : amar ujala
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के अहीरौली पडड़ी गांव में सोमवार सुबह पोल पर चढ़कर तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। वह बिजली मिस्त्री का काम करता था।
मनिकौरा गांव निवासी राम गोपाल यादव (33) पुत्र रामकुमार बिजली बनाने का काम करता था। वह सोमवार को क्षेत्र के अहीरौली पडड़ी गांव में बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइट बना रहा था। इसी बीच विद्युत आपूर्ति चालू हो गई। ऐेसे में करंट की चपेट के आकर खंभे से नीचे गिर गया। जब तक लोग पहुंचते तब तक रामगोपाल की मौत हो चुकी थी। खबर सुनकर मृतक के गांव मे कोहराम मच गया और परिवार के लोग रोने- बिलखने लगे। सूचना पर एसओ विजय कुमार दुबे और तहसीलदार इटवा राजेश अग्रवाल मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने बिजली निगम के अधिशासी अभियंता को सूचना देकर मौके पर जेई को भेजने के लिए कहा।
तहसीलदार राजेश अग्रवाल ने बताया कि मृतक के नाम गांव में कुछ भूमि है और उसके पांच छोटे बच्चे हैं। पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता दिलाई जाएगी। लेखपाल को दो दिन में मुख्यमंत्री सर्वहित बीमा योजना के अंतर्गत पत्रावली तैयार करें, ताकि प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाई जा सके। कोटेदार को पीड़ित परिवार को तत्काल 25 किलो गेहूं व 25 किलो चावल देने को कहा गया है।
एसओ ने दी कफन की रकम
अहीरौली पडड़ी गांव में बिजली मिस्त्री की मौत की सूचना पर एसओ विजय कुमार दुबे मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने पता चला कि परिवार में पत्नी के साथ पांच बच्चे (विकास (12) आकाश (8) गणेश (6) सुरेश (4) व जाह्नवी दो वर्ष) हैं। मृतक शादी समारोहों में जेनरेटर चलाकर और बिजली मिस्त्री के रूप में काम कर परिवार को पालन-पोषण करता था। एसओ ने घटना की सूचना अफसरों को दी और अपने पास से रकम देकर मृतक के लिए कफन का कपड़ा मंगवाया। पीड़ित परिवार को मदद दिलाने की बात भी कही।