शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के पकड़ी लाला गांव निवासी आनंद प्रकाश यादव (16) पुत्र सर्वजीत यादव 28 अगस्त को स्कूल जाने के लिए घर से निकला था और वापस नहीं लौटा है। लापता छात्र आनंद की परिजनों ने गांव व आसपास इलाकों में खोजबीन की। मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।
दूसरे दिन भी परिजनों ने रिश्तेदारों और मित्रों से पूछताछ की। थकहार कर आनंद प्रकाश यादव के चाचा द्वारिका यादव ने गुरुवार को शोहरतगढ़ थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। तहरीर में उन्होंने कहा है कि मेरा बड़ा भाई सर्वजीत यादव बाहर रहते हैं। इनका बड़ा इकलौता लड़का आनंद प्रकाश यादव चौधरी सुबाष चंद्र ग्रामोदय इंटर कॉलेज बुढनइयां पकड़ी में कक्षा आठ का छात्र है। 28 अगस्त को सुबह आठ बजे स्कूल ड्रेस पहनकर घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, तभी से वह वापस घर नहीं आया। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। एसओ रणधीर कुमार मिश्रा ने बताया कि छात्र के लापता होने की तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।