सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के पुरानी नौगढ़ में रविवार की शाम खेत गई 18 वर्षीय युवती पर बिजली का हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के पुरानी नौगढ़ के रामप्रसाद नगर निवासी लौटू की 18 वर्षीय पुत्री आशा रविवार शाम खेत की ओर गई थी। बताया जा रहा है कि खेत में थी कि इसी बीच हाईटेंशन तार टूटकर उस पर गिर गया। तार में बिजली प्रवाहित हो रही थी। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसओ डीसी चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।