कन्हैया की मौत के गम में जोगिया में दुकानें बंद रहीं ।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। एनएच-233 पर जोगिया कोतवाली क्षेत्र के नौगढ़-बांसी मार्ग पर करौंदा मसिना गांव के पास स्थित कैंप के पास एसएसबी के वाहन की चपेट में आने से शनिवार दोपहर बाइक सवार (32) वर्षीय कन्हैया जायसवाल की मौत हो गई थी। कन्हैया के मौत के सदमे में रविवार को जोगिया चौराहे की दुकानें बंद रहीं। वहीं, ककरही के बूढ़ी राप्ती के तट पर हुए अंतिम संस्कार में सांसद जगदंबिका पाल सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी कन्हैया जायसवाल (32) पुत्र रामचंद्र जायसवाल शनिवार को जिला मुख्यालय किसी काम से आया था। घर वापस लौटते समय एनएच-233 पर बांसी- नौगढ़ पर करौंदा मसिना गांव के पास बने एसएसबी कैंप के पास एसएसबी के वाहन की चपेट में आकर कन्हैया की मौत हो गई थी। मौत के बाद आक्रोशित भीड़ ने काफी हंगामा और सड़क को जाम कर दिया था। हंसमुख स्वभाव के कन्हैया की मौत की खबर सुनकर उसे जानने वाला हर शख्स गमगीन हो गया।