सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के सेखुईया रामगढ़ गांव में रविवार की दोपहर हैंडपंप पर पानी पीने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत हुआ। मारपीट में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सेखुइया रामगढ़ निवासी रामसेवक (50) रविवार को पड़ोस में लगे हैंडपंप पर बच्चे के पानी पीने को लेकर पड़ोसी से विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंड़े चले। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करवाया। मारपीट में रामसेवक की पत्नी कांती और छोटा भाई राजेंद्र (35) घायल हुए। वहीं, दूसरे पक्ष के दो लोग घायल हो गए। जिला अस्पताल में सभी का उपचार चल रहा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष गिरजेश उपाध्याय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मारपीट में पांच लोगों के घायल होने की सूचना है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।