सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के बांसी- नौगढ़ मार्ग पर स्थित साड़ी तिराहे के पास रविवार दोपहर साइकिल से जा रहे बालक को ट्रक ने चपेट में ले लिया। हादसे में घटना स्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के महारथ घाट गांव निवासी रामनेवास जिला मुख्यालय पर एक होटल चलाते हैं। होटल पर उसका 12 वर्षीय पुत्र अभिषेक होटल पर हाथ बंटाता था। दोपहर में अभिषेक साइकिल से साड़ी तिराहे की तरफ जा रहा था। अभी वह पुलिस बूथ से चंद कदम आगे बढ़ा था कि तेज रफ्तार ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना पाकर मौके पर यूपी-100 की टीम पहुंच गई। इसके बाद थाने को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया और ट्रक को कब्जे में लेकर थाने ले गई। इस संबंध में एसओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे मेें लेकर जांच किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जल्द ही ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।