शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के नीबी-दोहनी टोला राजाड़िहवा निवासी विरसपाती पत्नी अयोध्या ने अपनी 15 वर्षीय पुत्री की हत्या किए जाने का आरोप गांव के कुछ लोगों पर लगाया है। उसने इस संबंध में एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
नीबी-दोहनी गांव की पीड़िता विरसपाती के मुताबिक पुत्री माधुरी (15) 12 सितंबर की शाम के समय गांव में पतिदार के घर पर कुछ काम से गई थी। देर रात तक वापस न आने पर उसका बेटा छोटू व अन्य परिवार के लोग किशोरी की खोजबीन की। लेकिन, किशोरी का पता रात में नहीं चल सका। सुबह होने पर लड़की की लाश पोखरे में मिली। आनन-फानन में गांव के प्रधान पुत्र व अन्य लोगों के कहने पर मृतक पुत्री का अंतिम संस्कार कर दिया। सुबह के समय पोखरे के निकट पंचायत भवन के आसपास कुछ खून के छींटे व चप्पल, छाता भी पड़ा मिला। माधुरी का मोबाइल भी अभी तक नहीं मिला। पीड़िता के मुताबिक मृतक पुत्री माधुरी के शव पर उल्टा सलवार पहनाया गया था। गांव के प्रधान प्रतिनिधि के बहकावे में आकर पुलिस को सूचना न दे सकी। पीड़िता ने आशंका जताई है कि गांव के कुछ लोगों के द्वारा ही हत्या कर रात में किसी समय शव को लाकर पोखरे में फेंक दिया गया। पीड़िता ने 22 सितंबर शनिवार को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई है।
एसओ रणधीर कुमार मिश्रा ने कहा कि पीड़िता ने प्रार्थना पत्र दिया है। एसपी के निर्देश पर मामले की जांच की जा रही है। उच्चाधिकारियों के आदेश पर शव को खुदवाकर पीएम के लिए भेजा जाएगा। पीएम रिपोर्ट के आधार पर अागे की कार्रवाई की जाएगी।