इटवा विधायक डा. सतीश
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। इटवा विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी से व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर 10 लाख की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। रकम न देने परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी गई है। विधायक की तहरीर पर सदर पुलिस ने अली बुद्धेश भाई नाम के व्यक्ति पर राज्यसेवक कानून की अवहेलना, धमकी देने और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इटवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने बुधवार को एसपी को तहरीर देकर बताया कि वह गोल्हौरा थाना क्षेत्र के शनिचरा गांव के मूल निवासी हैं। अली बुद्धेश भाई नाम का एक शख्स ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर 10 लाख रुपये की डिमांड और धमकी दी है। एसपी के निर्देश पर एसओ सदर शमशेर ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बोले विधायक
मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से 10 लाख रुपये की मांग की गई है। रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मामले मेें एसपी से मिलकर शिकायती पत्र दे दिया गया है।
- डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी विधायक इटवा
होगी कड़ी कार्रवाई
शिकायती पत्र मिला है और सदर थाने में केस भी दर्ज कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
डॉ. धर्मबीर सिंह एसपी सिद्धार्थनगर
एसटीएफ व एटीएस भी जांच में लगी
धमकी मामले की जांच एटीएस व एसटीएफ भी कर रही है। धमकी मिलने के बाद विधायक ने दोनों को मामले से अवगत कराते हुए जांच के लिए कहा है। इस मामले में पुलिस मुख्यालय से एसपी ने वार्ता भी की है।