गोल्हौरा। पचहर गांव में मंगलवार को एक कमरे में छत की कुंडी से फंदे पर लटकती हुई विवाहिता की लाश मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी मायके पक्ष की ओर से देर शाम तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
गोल्हौरा पाठक गांव निवासी सीमा (30) की शादी दो वर्ष पूर्व क्षेत्र के ही पचहर गांव निवासी सुभाष के साथ हुआ था। मंगलवार सुबह सीमा रोज की तरह उठी थी और कामकाज किया। परिवार के लोगों ने सुबह पौने नौ बजे जब सीमा का कमरा अंदर से बंद देखा तो आवाज लगाने लगे। जब कोई सुगबुगाहट नहीं मिली तो खिड़की के रास्ते से देखा तो छत की कुंडी में फंदे पर सीमा की लाश लटक रही थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ इटवा नईम खान मंसूरी व एसओ राजकुमार यादव मौके पर पहुंचे। इसके बाद दरवाजा तोड़वाकर शव को फंदे से उतरवाया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ राजकुमार यादव ने बताया कि मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर छानबीन कर समुचित कार्रवाई की जाएगी।