जोगिया। स्वॉट व जोगिया पुलिस की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार की सुबह चेकिंग के दौरान बाइक लिफ्टर गिरोह के दो सदस्यों को जोगिया चौराहे के पास से गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी की दो बाइक बरामद की गई। पकड़े गए दोनों बलरामपुर जिले के हैं। पुलिस का दावा है कि स्थान बदलकर बाइक चोरी करने का काम करते हैं। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
प्रभारी एसओ जोगिया अवधेश सिंह ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि बाइक चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। मामले को संज्ञान में लेते हुए स्वॉट प्रभारी मनोज सिंह के साथ बांसी-नौगढ़ मार्ग पर चेकिंग शुरू की गई। इस बीच दो लोग बाइक से आते हुए दिखे। पुलिस टीम को देख कर भागने की कोशिश की। इसके बाद जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। वाहन के कागजात मांगे गए तो पता चला कि दोनों बाइक चोरी की है। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों की पहचान सद्दाम निवासा चपरहिया, अरशद उर्फ मामू निवासी पकड़ी थाना उतरौला जनपद बलरामपुर के रूप में की गई। दोनों बाइक लिफ्टर गिरोह के सदस्य हैं। स्थान बदलकर बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। यह गिरोह बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर में सक्रिय था। इनके खिलाफ जिले में भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। टीम में एसआई हरेंद्र नाथ राय, आरक्षी कमलेश पांडेय, अश्वनी सिंह आदि शामिल रहे।