ज्वेलरी की दुकान से लाखों की चोरी
फोटो-51
- नगर से सटे थरौली हुसैनगंज का मामला
- दुकानदार ने सदर पुलिस को तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के हुसैनगंज बेलहिया में चोर ज्वेलरी व बर्तन की दुकान का शटर का ताला तोड़कर आभूषण नकदी सहित लाखों का सामान उठा ले गए। दुकानदार ने सदर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के अनूपनगर मोहल्ला निवासी चीनक प्रसाद ने कहा कि वह नगर से सटे थरौली हुसैनगंज में ज्वेलरी व बर्तन की दुकान करता है। दो जनवरी की शाम रोज की तरह दुकान बंद करके घर चला गया था। देर रात चोर दुकान का ताला तोड़कर घुस गए और दुकान में रखा नकदी, आभूषण, बर्तन सहित अन्य सामान लेकर चले गए। मामले की जानकारी सुबह तब हुई जब दुकान पर पहुंचा। दुकान में सामान बिखरा हुआ था। दुकान में रखा 20 हजार रुपये का बर्तन सहित दो लाख रुपये से अधिक का सामान उठा ले गए। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए। इस संबंध में एसओ सदर शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।