सिद्धार्थनगर। सदर क्षेत्र के परसा शाह आलम गांव में रविवार सुबह बिजली का तार समेटते समय एक युवक करंट की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परसा शाह आलम गांव निवासी वीरेंद्र (29) पुत्र वासुदेव के यहां मकान का निर्माण चल रहा है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह वह दीवार पर पानी डाल रहा था। वहीं बिजली का तार बिछा था, जिसे वह इकट्ठा करने के लिए समेट रहा था। तार कहीं से कटा था और उसमें बिजली प्रवाहित हो रही थी। जैसे ही वीरेंद्र का तार से स्पर्श हुआ वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर गिर गया। जब तक परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचकर बिजली आपूर्ति बंद करते और उसे बचाने की कोशिश करते वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। आनन-फानन में परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ डीसी चौधरी ने बताया शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
सड़क हादसे में तीन जख्मी
सिद्धार्थनगर। अलग-अलग दो सड़क हादसे में तीन लोग जख्मी हो गए। आसपास के लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज हो रहा है। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के अगया गांव निवासी विकास शर्मा (15), रोहित शर्मा (16) रविवार को सदर ब्लॉक के सामने बाइक की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों जख्मी हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एक अन्य घटना में अमर निवासी नगवा थाना बांसी जख्मी हो गया। उसे भी जिला अस्पताल मेें भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज हो रहा है।