बांसी। बीयर की दुकान के सेल्समैन से लूट के मामले में नामजद दो आरोपियों को पुलिस ने रविवार को बेलवा गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।
सीओ इटवा श्रीयश त्रिपाठी और एसओ गोल्हौरा राजकुमार ने बताया कि शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बुढनहिया गांव निवासी संजय चौधरी डुमरियागंज में बीयर की दुकान में मुनीम का काम करता है। चार जुलाई की रात दुकान से घर वापस लौटते समय गोल्हौरा थाना क्षेत्र के बरगदवा पुल के पास बदमाशों ने उन पर हमला किया और 88 हजार रुपये लूट लिए। संजय की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। मामले की छानबीन चल रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बेलवा के रमवापुर कली मोड़ से आरोपी राकेश और उसके साथ आशीष सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
राकेश उसी बीयर की दुकान में सेल्समैन का काम करता है। वह बखिरा थाना क्षेत्र के हरापट्टी गांव का रहने वाला है। आशीष चिल्हिया थाना क्षेत्र के कंदवा का निवासी है। आशीष के पास से 10 हजार और राकेश के पास से सात हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पूछताछ में दोनों ने और पैसे खर्च हो जाने की बात कही है। इन्हें गिरफ्तार करने वाली टीम में इटवा सीओ यश त्रिपाठी, प्रभारी मनोज कुमार सिंह, हरेंद्र नाथ राय, अवनीश सिंह, दीपक गोविंद, गोल्हौरा एसओ राजकुमार यादव, एसआई श्री प्रकाश यादव, सिपाही पीएन सिंह और महेंद्र सिंह शामिल रहे।