सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम एक साथ तीन पत्नियां पति के घर आ धमकीं। इसके बाद देखते-देखते हंगामा शुरू हो गया। तीनों पति पर अपना हक जताने लगीं। सूचना मिलने पर पीआरवी के जवान मौके पर पहुंचे और पूछताछ शुरू की, लेकिन तभी मौका देख पति तीसरी पत्नी के साथ फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पति का पहला विवाह बर्डपुर में हुआ है। दूसरी शादी कुशीनगर व तीसरा विवाह सदर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला में हुआ है। मंगलवार शाम तीनों पत्नियां एक साथ पति के घर पहुंच गईं। तीनों ने पति पर अपना हक जताना शुरू कर दिया। तमाशबीनों की भीड़ भी जुटने लगी। इसी बीच विवाद बढ़ता देख युवक की भतीजी ने 100 नंबर पर फोन कर दिया।
मौके पर पहुंची पीआरवी 1499 के कमांडर भगवान दास, सब कमांडर महेंद्र यादव व पायलट देव कुंवर सिंह ने मामले की जानकारी हासिल करने के लिए पूछताछ शुरू की। तभी मौका देख पति तीसरी पत्नी के साथ फरार हो गया। पीआरवी ने दोनों पत्नियों को सदर थाने में तहरीर देने को कहा है।