डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)।
घर में अकेली रह रही भाभी पर देवर ने डंडे से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच गांधीनगर में बुधवार शाम करीब 7 बजे इस वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना मिलने पर डुमरियागंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई। उधर, इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी व्याप्त है।
जानकारी के मुताबिक भाभी की पहचान लक्ष्मी (25) के रूप में हुई जबकि आरोपी हमलावर देवर गणेश (20) अर्धविक्षिप्त बताया जा रहा है। मोहल्ले के निवासियों के अनुसार गांधीनगर निवासी दिनेश कुमार की पत्नी लक्ष्मी शाम को घर की दीवार से ईंट उठा रही थी। इसी दौरान उसका अर्द्धविक्षिप्त देवर गणेश एक डंडा लेकर आ गया। जब तक वह कुछ समझती, डंडे से तेज वार कर दिया। इस हमले में लक्ष्मी बेहोश होकर गिर पड़ी। लक्ष्मी को स्थानीय लोग नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के तीन बच्चे हैं। जबकि उसका पति घटना के वक्त दवा की दुकान पर अपने काम पर था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई। इस संबंध में डुमरियागंज कोतवाल राधेश्याम राय ने कहा कि मौके पर पुलिस पहुंची है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। आरोपी अर्द्धविक्षिप्त बताया जा रहा है। उसका इलाज चल रहा है।