स्थानीय क्षेत्र के चोरई गांव के टोल फड़वरिया में बुधवार की दोपहर घर के पीछे रखे राख से निकली चिंगारी से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने एक दर्जन घरों को अपने आगोश में ले लिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। अगलगी से नकदी सहित लाखों के सामान जलकर नष्ट हो गए। दो बकरियों की भी मौत हो गई।
क्षेत्र के चोरई गांव के टोला फड़वरिया में एक घर के पीछे रखी राख से निकली चिंगारी से आग लग गई। तेज हवा से भड़की आग ने विकराल रूप धारण कर दिया। देखते ही देखते आग ने कई घरों को अपने आगोश में ले लिया। आग से नकदी समेत लाखों के सामान जलकर राख हो गए। मौके पर पहुुंची फायर ब्रिगेड की टीम व गांव के लोगों के घंटों कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से सुनील के घर में रखा अनाज, 13 हजार रुपये नकदी, दो साइकिल, मोबाइल फोन, कपड़ा, मिट्ठू के घर में रखा अनाज साइकिल और दो हजार रुपये नकदी, घनश्याम के घर में रखा अनाज, सामान, दो बकरी जल गई, शब्द के घर में कपड़ा, मंगरू लौटन, के घर में रखा गेहूं व कपड़ा, जोगिंद्र के घर में रखे 10 हजार रुपये नकदी, अनाज व कपड़ा, प्रकाश के घर में रखा 15 हजार रुपये नकदी, दो साइकिल कपड़ा, शंभू के घर में रखा 500 नकदी गेहूं और राजाराम, सोल्हू, सुनील, रामकरन यादव के घर में रखा अनाज नकदी सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को सूचित करते हुए पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
डंठल में लगी आग, गांव जलने से बचा
जोगिया। कोतवाली क्षेत्र के सिसवा बुजुर्ग गांव के पूरब दिशा में बुधवार को खेत में पड़े डंठल में किसी ने आग लगा दी। पछुआ हवा के साथ आग तेजी से गांव की तरफ बढ़ने लगी। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। क्षेत्र के सिसवा बुजुर्ग गांव के पूरब सिवान में खेत में पड़े डंठल में किसी ने आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि जब तक लोग कुछ समझ पाते गांव के करीब पहुुंच चुकी थी। धुआं और आग की उठती लपटों को देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर प्रभारी कोतवाल जोगिया विकास सिंह फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की सहायता से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।