परसा। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के नवेल गांव में सोमवार रात मिली लाश को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पुत्र ने गांव के प्रधान प्रतिनिधि सहित तीन लोगों पर पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
नवेल में अरहर के खेत में सोमवार को नवेल निवासी महातम (65) का शव मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। दूसरी तरफ मृतक के पुत्र सुरेश कुमार ने बुधवार को मिश्रौलिया थाने पर तहरीर देकर गांव के तीन लोगों पर पिता को मारने का आरोप लगाया है। सुरेश के मुताबिक गत 14 फरवरी को गांव का एक शख्स ने प्रधानमंत्री किसान योजना का फार्म भरवाने के बहाने तहसील पर ले गए और वहां नशीली दवा को खिला कर जमीन अपनी मां के नाम से रजिस्ट्री करा ली। जब इसकी जानकारी परिवार को हुई तो मेरी मां दुलारमती ने थाने पर तहरीर दी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर एसपी को भी प्रार्थना पत्र दिया गया। वहां भी सुनवाई नहीं हुई। मिश्रौलिया थाने के एसओ आलोक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अब तक नहीं आई है। रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।