शोहरतगढ। नगर पंचायत शोहरतगढ़ के वार्ड नंबर पांच धर्मशाला मोहल्ला में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की जलकर मौत हो गई। पति का कहना था कि पत्नी ने उसे धक्का देकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आग लगाकर जल गई। पति की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस को दिए गए तहरीर में पति शिवशंकर शर्मा ने कहा है कि वह नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच धर्मशाला मोहल्ला का निवासी है। 15 फरवरी की रात उसकी पत्नी अनीता शर्मा (36) ने मुझे धक्का देकर कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद आगे वाले कमरे में अंदर से दरवाजा बंद कर केरोसिन छिड़क कर आग लगा लिया। चीख-पुकार सुनने के बाद घटना की सूचना अपने मित्र राज को मोबाइल पर दी। शोरगुल सुनकर मोहल्ले के शिवशंकर, शहरबानो, मुकेश और सुनीता आदि लोगों ने घर पहुंचकर दरवाजा तोड़कर मेरी पत्नी अनीता को बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन आग से बुरी तरह जलने के कारण उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची 100 नंबर पुलिस ने बंद कमरे की कुंडी तोड़कर मुझे बाहर निकाला। मगर तब तक पत्नी की मौत हो चुकी थी। इस संबंध में एसओ रणधीर कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पति व मोहल्ले के लोगों के बयान के आधार पर महिला ने केरोसिन डालकर खुदकुशी की है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।