शोहरतगढ़। क्षेत्र के नीबी दोहनी गांव के टोला राजाड़िहवा में संदिग्ध हाल में हुई किशोरी की मौत के मामले में जांच ने अब रफ्तार पकड़ ली है। मीडिया में मामला आने के बाद एसओ ने कब्र से शव निकलवाने के लिए डीएम को पत्र भेजकर अनुमति मांगी है। अनुमति मिलने के बाद शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिससे की हत्या के कारणों का पता चल सके। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
15 वर्षीय किशोरी माधुरी की 12 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। 13 सितंबर को गांव के पोखरे में उसकी लाश मिली थी। परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दिए बगैर आनन-फानन में शव को लेदवा शमशान घाट में ले जाकर दफना दिया था। घटना के दस दिन बाद 22 सितंबर को मृतक माधुरी की माता विरसपाती ने शोहरतगढ़ थाने पर कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाते हुए एसपी से न्याय की गुहार लगाई। मंगलवार को एसओ रणधीर कुमार मिश्रा ने माधुरी के शव को कब्र से निकलवाने के लिए डीएम को पत्र भेजा है। डीएम से अनुमति मिलने के बाद माधुरी का शव निकलवाकर पीएम के लिए पुलिस भेजेगी। वहीं, दूसरी ओर विरसपाती व उसका बेटा छोटू पुलिसिया कार्रवाई में हो रहे विलंब को लेकर दहशत में है। एसओ रणधीर कुमार मिश्रा ने कहा कि डीएम से अनुमोदन के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।