बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में पढ़ने जा रही छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी कर रहे दो मनचलों की भीड़ पहले जमकर पिटाई की और फिर पुलिस को सौंप दिया।
घटना गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे के करीब त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बेलवा स्थित पेट्रोल पंप के पास घटी। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली कुछ छात्राएं विद्यालय जा रही थीं। उसी समय बिस्कोहर की तरफ से आ रहे बाइक सवार दो युवक उन्हें देखकर अश्लील टिप्पणी करने लगे। युवकों की गलत हरकत देख आसपास के लोग जब तक वहां पहुंचे युवक आगे निकल गए। थोड़ी देर में वे फिर वापस आए और फब्तियां कसने लगे। तभी लोगों ने उन्हें घेर लिया। अपने को घिरता देख युवकों ने हड़बड़ी में बाइक पेट्रोल पंप के तरफ मोड़ दिया, लेकिन वे पास स्थित गड्ढे में गिर गए। लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और जमकर उनकी पिटाई की। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज बिस्कोहर सूर्य प्रकाश सिंह व अंगद मिश्रा ने दोनों युवकों को बाइक समेत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम इरशाद व सद्दाम निवासी डुमरियागंज बताया है। इस संबंध में एसओ हरि नारायन दीक्षित ने कहा कि दोनों युवकों का इलाज करा दिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।