मिश्रौलिया (सिद्धार्थनगर)। झोलाछाप द्वारा गलत इंजेक्शन लगाने से तीन वर्षीय एक मासूम की जान चली गई। मामला मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के चेतिया बाजार गांव के टोला लोनियाडीह का है। बच्चे की मां की तहरीर पर पुलिस ने झोलाछाप के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।
लोनियाडीह निवासी विदेशी ने अपनी पुत्री नीमल की शादी गोल्हौरा थाना क्षेत्र के तकियवा गांव निवासी दिलीप के साथ की है। नीमल अपने भतीजे के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए अपने तीन वर्षीय पुत्र अनमोल के साथ मायके आई थी। बच्चे की तबीयत खराब होने पर नीमल उसे चेतिया चौराहे पर इलाज करने वाले दिनेश मौर्या के पास ले गई। झोलाछाप ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद बच्चे की मौत हो गई। नीमल का कहना है कि बच्चे की तबीयत इतनी अधिक खराब नहीं थी कि उसकी मौत हो जाए। नीमल ने थाने में झोलाछाप के खिलाफ गलत इंजेक्शन लगाने की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार कोरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दिनेश मौर्य खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।