सोलन। सदर थाना के तहत एक बुजुर्ग महिला के खाते से एक लाख 54 हजार रुपये निकाल लिए गए। यह रकम पांच किस्तों में 24 अक्टूबर 2016 से 16 जून 2017 के बीच निकाली गई है। इस बीच महिला को कभी बैंक जाने की जरूरत महसूस नहीं हुई जिसकी वजह से उसे खाते से निकाली गई रकम के बारे में पता नहीं चला। पीड़ित महिला तारा देवी ने पुलिस को जानकारी दी है कि उसका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा चंबाघाट में है। इसके खाते से किसी अनजान व्यक्ति ने 24 अक्टूबर 2016 को 40 हजार, 29 दिसंबर 2016 को 24 हजार, 4 मार्च 2017 को 25 हजार, तीन अप्रैल 2017 को 40 हजार, 16 जून 2017 को 25 हजार रुपये निकाल लिए हैं।
महिला के अनुसार उन्होंने किसी भी व्यक्ति को उसके खाते से पैसे निकालने के लिए अधिकृत नहीं किया था। इसके फर्जी हस्ताक्षर करके किसी ने धोखाधाड़ी से पैसे निकाल लिए हैं। तारा देवी ने बताया कि 26 जून को मंगलवार को जब वह अपने पैसे निकालने के लिए बैंक गई तब उसे इस फर्जीवाड़े का पता चला। महिला के अनुसार उसने बैंक अधिकारियों से भी इस बारे में पूूछताछ की लेकिन उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने वीरवार को सदर थाना पहुंच कर मामले की शिकायत दी। एसपी मधुसूदन शर्मा ने कहा कि महिला की शिकायत पर छानबीन की जाएगी। इसमें जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।