सिद्धार्थनगर। स्कूली वाहन मालिकों की प्रशासन और संभागीय परिवहन विभाग की बृहस्पतिवार को संयुक्त बैठक डुमरियागंज तहसील सभागार में हुई। इसमें नियम के अनुसार ही वाहन चलाने के संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम डुमरियागंज विवेकानंद मिश्र ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि उनके अधीन संचालित प्रत्येक वाहन पूरी तरह मानकों के अनुरूप हो। उन्होंने सभी प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज समय से नवीनीकृत कराए जाएं और चालकों की योग्यता और स्वास्थ्य की भी नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही वाहनों में अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, जीपीएस तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता बनाए रखने पर जोर दिया गया।
एआरटीओ संजय सिंह ने बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, बच्चों के सुरक्षित आवागमन तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कहा कि परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन समय-समय पर स्कूल वाहनों की जांच करेगा। जांच में खामियां मिलने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।