सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के चेराजोत गांव में सोमवार देर रात एक घटना हुई। दरवाजे पर पटाखा छोड़ने का विरोध करना एक व्यक्ति और उसकी पत्नी को भारी पड़ा। आरोप है कि विरोध से नाराज चार लोगों ने दंपती की लाठी-डंडों और लात-मुक्कों से पिटाई कर दी। पीड़ित ने आरोपियों पर जातिसूचक अपशब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
चेराजोत गांव निवासी संजय ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे गांव के चार लोग उनके दरवाजे पर पटाखा छोड़ रहे थे। संजय ने देर रात होने का हवाला देते हुए उन्हें दूसरी जगह पटाखा छोड़ने को कहा। इस पर आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी श्याम दुलारी को भी मारपीट कर घायल कर दिया।
शोर सुनकर गांव की सुशीला देवी पत्नी सुग्रीव प्रसाद ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर आरोपित मौके से चले गए। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय भी आरोपितों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
थानाध्यक्ष गोल्हौरा संजय कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।