कोरोना जांच ने पकड़ी तेजी, आंकड़ा पहुंचा 25 हजार पार
सीएचसी-पीएचसी और जिला अस्पताल में कोविड-19 जांच
अस्पताल आने वाले संभावित मरीजों की हो रही सैंपलिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 में जांच प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए स्टेटिक बूथ (स्थायी जांच केंद्रों) का इंतजाम किया है, जिसके जरिए कोरोना जांच ने रफ्तार पकड़ ली है। सभी सामुदायिक-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल के स्टेटिक बूथ से पिछले एक माह में जिले भर के लगभग 25 हजार लोगों को कोविड-19 की जांच की गई है। जांच कराने वालों में संभावित मरीजों के अलावा पॉजिटिव के संपर्क में आए लोग व सामान्य नागरिक भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने गांव-गांव कोरोना जांच कराने के साथ-साथ कोविड-19 की जांच आसानी से हो जाने के लिए जिले के सभी 14 ब्लॉकों के सीएचसी-पीएचसी एवं जिला अस्पताल पर बूथ बनाया है। इन बूथ के बन जाने से जो भी व्यक्ति पॉजिटिव के संपर्क में आया है या कोई सामान्य व्यक्ति खुद की कोरोना जांच कराना चाहता है तो उसे परेशान नहीं होना पड़ रहा है। आसानी से लोग पहुंच कर जांच करा रहे हैं। पिछले एक माह पूर्व बने इन बूथ पर अब तक 25 हजार से अधिक लोगों की कोरोना जांच की गई है। इनमें अस्पताल में आने वाले कोरोना के संभावित मरीजों के अलावा पॉजिटिव के संपर्क में आए लोग, सामान्य व्यक्ति भी अपना कोरोना जांच करा रहे हैं। महामारी रोग विशेषज्ञ समीर सिंह ने बताया कि अस्पतालों पर स्टेट बूथ स्थायी रूप से बनाया गया है। ओपीडी चलने के दौरान कोई भी व्यक्ति जांच करा कर अपनी जांच रिपोर्ट ऑनलाइन प्राप्त कर सकता है। स्टेटिक बूथ में प्रति बूथ पर लगभग 60 से अधिक जांच प्रतिदिन की जा रही हैं। प्रतिदिन लगभग 900 जांच जिलेभर के स्टेटिक बूथ के जरिए कराई जा रही हैं।
जिले में बनाए गए स्टेटिक बूथ पर संदिग्धों के अलावा सामान्य नागरिक भी जांच करा रहे हैं। इन बूथों पर कोई भी व्यक्ति आकर अपनी जांच करा सकता है।
- डॉ. इंद्र विजय विश्वकर्मा, सीएमओ