तैयारियां पूरी, सिद्धार्थ यूनिवर्सिटी का दीक्षांत आज
राज्यपाल और डिप्टी सीएम के हाथों 32 मेधावियों को मिलेगा स्वर्ण पदक
अमर उजाला ब्यूरो
कपिलवस्तु। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु का तीसरा दीक्षांत समारोह शुक्रवार को आयोजित होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे ने बताया कि कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी और उप मुख्यमंत्री प्रो. दिनेश शर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। दोनों अतिथियों के द्वारा सर्वोच्च अंक पाने वाले 32 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक दिया जाएगा। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगा। इसी क्रम में वाणिज्य विभाग के एचओडी डॉ. दीपक मिश्रा की मौजूदगी में विद्यार्थियों द्वारा समारोह की फाइनल रिहर्सल भी की गई।
मिलेगी छात्रावास की सौगात
कुलपति ने चार वर्ष से विवि कैंपस में बन रहा छात्रावास तैयार हो गया है। इसका लोकार्पण राज्यपाल और डिप्टी सीएम के द्वारा किया जाएगा। छात्रों को जनवरी से छात्रावास उपलब्ध कर दिया जाएगा। छात्रावास में कुल 336 छात्रों की रहने की व्यवस्था है।
राज्यपाल का कार्यक्रम
राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल शुक्रवार को लखनऊ से सुबह 9.50 बजे प्रस्थान करेंगी। 10.15 बजे सिद्धार्थ विवि कैंपस में बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर लैंड करेगा। पूर्वाह्न 11 बजे से 12.55 बजे तक वे दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करेंगी। विविध कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे 2.35 बजे से 3.25 बजे तक केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम में शामिल होंगी। 3.25 बजे से 4.15 बजे के बीच वे कपिलवस्तु स्थित मुख्य स्तूप का दर्शन करेंगी और संग्रहालय पहुंचकर भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़े कृतियों का अवलोकन करेंगी। 4.30 बजे वे लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगी।
डिप्टी सीएम का कार्यक्रम
उप मुख्यमंत्री प्रो. दिनेश शर्मा का हेलीकॉप्टर 10.15 बजे कैंपस के हेलीपैड पर उतरेगा। दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद वे 2.15 बजे लखनऊ रवाना होंगे।
50 बच्चे राज्यपाल के हाथों होंगे पुरस्कृत
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में तीसरे दीक्षांत समारोह में राज्यपाल के हाथों बर्डपुर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय बर्डपुर, बूड़ा और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के 50 विद्यार्थी सम्मानित होंगे। यह जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने दी।
अफसरों को सौंपी गईं जिम्मेदारियां
सिद्धार्थनगर। दीक्षांत समारोह के लिए डीएम ने अफसरों को जिम्मेदारियां बांटी हैं। राज्यपाल के लिए हेलीपैड एवं क्रू व्यवस्था में डिप्टी कलेक्टर सुदामा वर्मा, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी बृजेन्द्र कुमार, नायब तहसीलदार लालता प्रसाद, डिप्टी सीएम के लिए हेलीपैड व क्रू व्यवस्था में तहसीलदार सदर सत्येन्द्र सिंह व पूर्ति निरीक्षक शिव प्रकाश को लगाया गया है। मंच, मीटिंग हाल के प्रभारी उप जिला मजिस्ट्रेट इटवा त्रिभुवन, मीटिंग हाल के प्रभारी के वाईआईपी द्वार पर डिप्टी कलेक्टर विकास कश्यप, मंच के सामने से कार्यक्रम के अंत तक उपजिला मजिस्ट्रेट अनिल कुमार, समस्त रूट प्रभारी बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मेघवर्ण, म्यूजियम प्रभारी उपजिला मजिस्ट्रेट राजेन्द्र प्रसाद, लंच हाल प्रभारी उपजिला मजिस्ट्रेट शिवमूर्ति सिंह, वीआईपी पार्किंग प्रभारी चकबंदी अधिकारी परमेश्वर उपाध्याय, सेफ हाउस पर तहसीलदार अरुण वर्मा, गनवरिया कपिलवस्तु स्तूप पर तहसीलदार इटवा अरविंद कुमार, स्वीज काटेज राज्यपाल के लिए तहसीलदार राजेश प्रताप सिंह, स्वीस काटेज उप मुख्यमंत्री के लिए तहसीलदार अरुण कुमार वर्मा, मुख्य गेट के बगल में सामान्य पार्किंग व्यवस्था में चकबंदी अधिकारी शिवमूरत कुशवाहा को लगाया गया है।