बांसी। कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर गांव में खेत से कंबाइन ले जाने के विवाद में शुक्रवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में दोनों पक्षों से छह लोग घायल हुए हैं। इस दौरान एक पक्ष ने फायरिंग का भी आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लाइसेंसी असलहा भी जब्त करा लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है। फत्तेपुर गांव निवासी मुनिराम यादव गेहूं की कटाई के लिए पड़ोस के दूभरा गांव निवासी हयातुल्लाह की कंबाइन मशीन अपने खेत में लेकर जा रहा था।
बताते हैं कि इस दौरान कुछ लोगों ने अपने खेत से कंबाइन ले जाने ऐतराज जताया। इससे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। इसके कुछ ही देर बाद एक पक्ष के लोग लामबंद होकर गांव में पहुंचे और दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया। मारपीट में फिरोज अहमद (30), अहमद हुसैन (35), रियाजुद्दीन (25) और दूसरे पक्ष से हयातुल्लाह (30), अब्दुल बहाब (25) व बाबुल्लाह (18) को चोट आई। इस दौरान फिरोज अहमद ने दूसरी ओर से फायरिंग का भी आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया।
फिरोज अहमद की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हयातुल्लाह, इमामुद्दीन, अब्दुल बहाब, महफुजुर्रहमान, बाबुल्लाह के खिलाफ मारपीट व जानलेवा हमले का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी डीके श्रीवास्तव के मुताबिक एक पक्ष ने तहरीर दी है, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।