-भनवापुर के ग्राम पंचायत रमवापुर राउत के चैनिया में 20 लाख से बन रहा वृहद खेल मैदान अभी है अधूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। ब्लाॅक क्षेत्र के युवाओं के अरमान सरकारी बजट के अभाव पर भारी पड़ रहा है। ग्राम पंचायत रमवापुर राउत के राजस्व गांव चैनिया में 20 लाख से वृहद खेल मैदान का निर्माण दो वर्षों से पूरा नहीं हो सका है। युवाओं ने कहा कि इस खेल मैदान का निर्माण पूरा होने से युवा प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर अपने खेल में और निखार ला सकते हैं। दूसरी तरफ जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण यह काम नहीं पूरा हो रहा है। इससे युवाओं में निराशा है।
-
बोले युवा
क्षेत्र में कहीं बेहतर खेल का मैदान नहीं है, जहां युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें, और अपने खेल को और बेहतर कर सकें। हमारी ग्राम पंचायत चैनिया में डेढ़ वर्ष से निर्माणाधीन वृहद खेल मैदान का निर्माण पूरा हो जाए तो युवाओं को सहूलियत मिलेगी।
-कौशल तिवारी, निवासी महुआ खुर्द
-
चैनिया में बन रहे वृहद खेल मैदान के निर्माण का काम पूरा नहीं हो सका। क्षेत्र के युवाओं को दौड़, क्रिकेट, वाॅलीबाल, फुटबाल आदि खेलों की तैयारियों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अभी अपनी तैयारियों के लिए सड़क किनारे का सहारा लेना पड़ता है। चैनिया में बन रहे खेल के मैदान का निर्माण पूरा हो जाए तो अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन में आसानी होगी।
-प्रिंस पांडेय, निवासी महुआ खुर्द
-
वृहद खेल के मैदान में युवाओं को मिलेगी यह सुविधाएं
भनवापुर ब्लाॅक क्षेत्र के रमवापुर राउत ग्राम पंचायत के चैनिया में बन रहे वृहद खेल मैदान में युवाओं को क्रिकेट, वाॅलीबाल, फुटबाल, बैटमिंटन, रनिंग पथ के साथ ही बाथरूम व चेंजिंग रूम की सुविधा रहेगी। वृहद खेल मैदान में रात्रि में प्रकाश के लिए जनरेटर व स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाए, जिससे युवाओं को सुविधाएं मिल सकें।
-
रमवापुर राउत ग्राम पंचायत के चैनिया में बन रहे वृहद खेल मैदान की बाउंड्रीवाल का निर्माण पूरा हो गया है। मिट्टी भराई के साथ ही कुछ काम बचा है, जो बजट के अभाव में रुका है। बजट मिलने के बाद जल्द निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।
-आलोक दत्त उपाध्याय, बीडीओ, भनवापुर