रेलवे स्टेशन सिद्धार्थनगर के परिसर में हो रहा सड़क निर्माण कार्य। संवाद
सिद्धार्थनगर। रेलवे स्टेशन परिसर के दक्षिण की तरफ निर्मित बाउंड्रीवाल से सटे सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। दो माह में इसके पूरा होने की उम्मीद है। इससे जहां रेलवे स्टेशन और सिहेंश्वरी मंदिर समेत आसपास के मोहल्लों में आवागमन के लिए लोगों को नया मार्ग मिल जाएगा। वहीं, इन स्थानों पर जाने के दौरान सिद्धार्थ तिराहा और स्टेशन रोड पर लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिल जाएगी। उन्हें ट्रेन पकड़ने में आसानी हो जाएगी।
रेलवे स्टेशन सिद्धार्थनगर के दक्षिण तरफ स्थित बाउंड्रीवाल के किनारे बन रही सड़क और नाली का निर्माण कार्य एक माह पूर्व शुरू हुआ है। आठ सौ मीटर लंबी सड़क व नाली के निर्माण में 25 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस सड़क का निर्माण खासतौर पर रेलवे स्टेशन पर सेकंड इंट्री बनाने के लिए कराया जा रहा है, जिससे दूसरी तरफ से आने वाले यात्रियों को सीधे स्टेशन पहुंचने में सहूलियत मिले।
इस सड़क का पश्चिमी छोर शहर के मुख्य मार्ग (उसका मार्ग) और पूर्वी छोर नवीन मंडी मार्ग से जुड़ जाएगा। वर्तमान में सड़क और नाली का पूर्वी छोर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसका काम करीब 50 प्रतिशत पूरा हो गया है। इसी सड़क किनारे रेलवे की ओर नए टिकट घर का निर्माण कराया जाना है, जिससे स्टेशन के दक्षिण तरफ से आने वाले यात्रियों को टिकट के लिए मुख्य प्लेटफाॅर्म पर नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें यहीं से टिकट लेकर ट्रेन पकड़ने में सहूलियत होगी। इस सड़क के निर्माण से शहर की दो तिहाई आबादी समेत उसका और जोगिया क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
फुट ओवरब्रिज से जुड़ेगी सड़क
स्टेशन के दक्षिण तरफ बनने वाली सड़क को फुट ओवरब्रिज से जोड़ा जाएगा। इसके लिए प्लेटफाॅर्म संख्या दो तक आने वाले फुट ओवरब्रिज को बढ़ाकर सड़क तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए रेलवे प्रशासन की तरफ से प्लेटफॉर्म नंबर चार का भी निर्माण कराया जाएगा। इससे नई सड़क से आने वाले यात्रियों को प्लेटफाॅर्म संख्या एक या दो पर आने वाली ट्रेनों को पकड़ने में सहूलियत हो जाएगी।