कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया
कांग्रेसियों ने जूम एप पर किया जहरीली शराब का विरोध
शराब माफिया की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जहरीली शराब पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय सहित सभी 14 ब्लॉकों पर डिजिटल धरना-प्रदर्शन किया। धरना प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के जूम एप माध्यम से संबोधन के बाद समाप्त हुआ।
जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित धरने में जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने कहा कि प्रदेश में जहरीली शराब पीने से प्रतिदिन लोगों की मौत हो रही है, लेकिन सरकार शराब माफियाओं के ऊपर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। अधिकांश शराब माफिया भाजपा से जुड़े हुए लोग हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने जहरीली शराब बनाने वाले माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी के लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। प्रदेश सचिव देवेंद्र श्रीवास्तव, डॉ. चंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने से 100 लोगों की मौत हो गई है। भाजपा नेता एवं शराब माफिया की अगर तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी के लोग व्यापक स्तर पर जनांदोलन छेड़ेंगे। इस दौरान अभिनय राय, देवेंद्र कुमार गुड्डू, रंजना मिश्रा, अनिल सिंह, अमजद खान फिरोज, सतीश त्रिपाठी, आसिफ रिज्वी, रामदेव पांडेय, रितेश, जाकिर खान, नंदकिशोर चौरसिया, तौहीद खान आदि मौजूद रहे।
जहरीली शराब का धंधा रोकने सरकार असफल
डुमरियागंज। जहरीली शराब पर अंकुश लगाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं धरना दिया। कांग्रेस सेवादल के निवर्तमान जिलाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद वासिफ ने कहा कि जहरीली शराब के सेवन से प्रदेश के विभिन्न जिलों में सैकड़ों लोग अपनी जान गवां चुके हैं। प्रदेश सरकार जहरीली शराब पर अंकुश लगा पाने में पूरी तरह असफल है। जहरीली शराब के अवैध कारोबार पर तत्काल प्रतिबंध लगाते हुए पकड़े गए शराब माफियाओं को फांसी की सजा दिए जाने का प्रावधान किया जाना चाहिए। इस दौरान रियाज मनिहार, मुकेश चौबे, अर्जुन कनौजिया, जाकिर, अमरजीत, साहब अली, जसवंत, सहज राम यादव, अफजाल मलिक, बबलू, मुजाहिद आदि मौजूद रहे। संवाद