डुमरियागंज। डुमरियागंज नगर स्थित एक होटल में रविवार को कांग्रेस पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने पत्रकार वार्ता में कहा कि 18वीं लोकसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी द्वारा संविधान और संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के किए गए अपमान के लिए देश के संसदीय इतिहास में दर्ज हो गया है। इसकी जितनी निंदा की जाए कम है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी हमेशा से लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के प्रति तिरस्कार दिखाने का मौका नहीं छोड़ती है। इस बार तो उसने हद ही पार कर दी। संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के दलों ने संसद में सरकार से संविधान पर चर्चा की मांग रखी। पार्टी के लोग बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के अपमान पर चुप नहीं बैठ सकते है।
सोमवार को कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जनपद के प्रत्येक ब्लाॅक के दलित बाहुल्य गांव जाएंगे और दलितों को भाजपा और गृहमंत्री की दलित विरोधी मानसिकता से परिचित कराएंगे और 24 दिसंबर को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके बाबा साहेब आंबेडकर सम्मान मार्च निकाली जाएगी।